बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार आयोजित
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
सुपौल, 01 जून (हि.स.)। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को पिपरा प्रखंड के कटैया स्थित नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) विद्युत आपूर्ति प्रशाखा कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।विद्युत आपूर्ति प्रशाखा कटैया के अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि बिहार सरकार एवं विभागीय निर्देशों के अनुरूप उपभोक्ता हित में नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है।
इसका मुख्य उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।जनता दरबार में उपभोक्ताओं ने बिजली बिल में गड़बड़ी, नए बिजली कनेक्शन, मीटर से जुड़ी शिकायतों तथा विद्युत आपूर्ति में आ रही परेशानियों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
अधिकारियों और कर्मियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की और कई मामलों का तत्काल समाधान किया। अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक सोमवार को दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक तथा प्रत्येक शुक्रवार को 3:00 बजे से 4:30 बजे तक जनता दरबार का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि बिजली से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए निर्धारित समय पर जनता दरबार में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
इस दौरान विभागीय कर्मी भी मौजूद रहे और उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में सक्रिय सहयोग दिया। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत सेवा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, जिसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

