पंजाब में शुरू होगा गौवंश नस्ल सुधार अभियान:मोगा में समीक्षा बैठक, सड़कों पर घूम रहे पशुओं को गौशालाओं में भेजेंगे
- Neha Gupta
- Jul 06, 2026
पंजाब राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष श्री कीमती भगत ने मोगा प्रशासन के साथ एक विशेष बैठक की। इस बैठक का उद्देश्य सड़कों पर घूम रहे लावारिस गौवंश को सरकारी कैटल पाउंड (गौशाला) में भेजने तथा गौधन की सेवा, देखभाल और सुरक्षा संबंधी कार्यों की समीक्षा करना था। उपाध्यक्ष ने गौवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए। श्री भगत ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशानिर्देशों पर पंजाब गौ सेवा आयोग एक विशेष अभियान शुरू करेगा। इस अभियान के तहत सरकारी गौशालाओं में संरक्षित गौवंश की नस्ल सुधार पर काम किया जाएगा। इससे पंजाब में दूध उत्पादन बढ़ेगा और सरकारी गौशालाएं आत्मनिर्भर बनेंगी। उपाध्यक्ष ने की गौ-सेस रिपोर्ट की समीक्षा उपाध्यक्ष ने विभिन्न समितियों से प्राप्त गौ-सेस की रिपोर्ट की भी समीक्षा की। उन्होंने पुलिस विभाग को गौ संरक्षण सेस का नोटिफिकेशन शीघ्र जारी करने का निर्देश दिया। एडिशनल डिप्टी कमिश्नर श्री कुलप्रीत ने आयोग के उपाध्यक्ष को आश्वासन दिया कि सरकारी कैटल पाउंड किशनपुरा में गौवंश की उचित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के बाद, उपाध्यक्ष श्री भगत ने गांव किशनपुरा कलां स्थित सरकारी गौशाला का विशेष दौरा किया। उन्होंने बताया कि राज्य में कई सरकारी गौशालाएं संचालित हैं, जो हजारों गौवंश की देखभाल कर रही हैं। इन गौशालाओं में अभी भी और अधिक गौवंश रखने की क्षमता है। इसलिए स्थानीय निकाय विभाग और ग्रामीण विकास विभाग को निर्देश दिए जा रहे हैं कि वे सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गौवंश को इन सरकारी गौशालाओं में पहुंचाएं।

