यूपी टीईटी-2026 की लिखित परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
लखनऊ, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से यूपी टीईटी-2026 परीक्षा की लिखित परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को जनपद में आयोजित की जा रही है। इस तीन दिवसीय परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्ररेट ने व्यापक स्तर पर इंतजाम किए हैंं।
पुलिस कमिश्ररेट की ओर से बुधवार के जारी किए गये एक पत्र में बताया गया है कि आयोग की ओर से आयोजित की जा रही परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा का समय सुबह 09:30 से 12 बजे तक और द्वितीय पाली में दोपहर 2:30 बजे से पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। जिले में कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 96454 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कुल 332 पुलिस बल तैनात किया गया है। इनमें 46 उपनिरीक्षक, 92 आरक्षी और मुख्य आरक्षी, 92 महिला आरक्षी समेत अन्य पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक उपनिरीक्षक दो महिला और दो आरक्षी तैनात रहेंगे। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन,स्मार्ट वाच, आईटी गैजेट्स एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री पूरी तरह से निषिद्ध रहेगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र के दो सौ मीटर परिधि के अंतर्गत साइबर कैफे,फोटो कॉपी और पीसीओ पूर्णतः बंद रहेंगे।
पुलिस कमिश्ररेट की ओर से यह आदेश भी दिए गये है कि सभी सहायक पुलिस आयुक्त एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे। सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मानिटरिंग लगातार सोशल मीडिया सेल द्वारा की जा रही है। परीक्षा के दौरान शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष योजना लागू की गई है। परीक्षार्थियों के आवागमन को देखते हुए पुलिस उपायुक्त यातायात ने रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, टैक्सी स्टैंड तथा परीक्षा केंद्रों के आस-पास पर्याप्त यातायात कर्मियों की ड्यूटी एक जुलाई यानि की बुधवार से लगाई गयी है।
लखनऊ पुलिस का संदेश
लखनऊ पुलिस परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं सुरक्षा को लेकर पूर्ण रूप से सजग है। सभी अभ्यर्थियों व अभिभावकों से अपील है कि वे समय से परीक्षा केन्द्र पहुँचे, नियमों का पालन करें एवं किसी भ्रामक सूचना एवं अफवाहों पर ध्यान न दें।
---------------

