पठानकोट में गली में घूम रहे युवक पर हमला:इलाज के दौरान मौत; आठ नामजद समेत 12 लोगों पर केस; पुलिस जांच में जुटी
- Neha Gupta
- Jul 04, 2026
पठानकोट पुलिस ने कच्चे क्वार्टर इलाके में हुए एक हत्या के मामले में आठ नामजद और तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर करते हुए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 2 और 3 जुलाई की दरमियानी रात करीब 12:10 बजे की है। मृतक की पत्नी समीक्षा ने थाना डिवीजन नंबर-2 में दर्ज कराए बयान में बताया कि उनके पति गुलशन कुमार रात के समय अपनी गली में टहल रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गुलशन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हमलावरों में राहुल उर्फ आंडा, उसका भाई कृष, उनका जीजा विक्की, मन्नी, भूरी, असमीत उर्फ बिल्ली जट्ट, राजन और दीपू पहलवान सहित तीन-चार अज्ञात व्यक्ति शामिल थे। समीक्षा के अनुसार, मृतक गुलशन कुमार का आरोपियों के साथ पहले भी विवाद हो चुका था। इस संबंध में दोनों पक्षों के खिलाफ पहले से क्रॉस केस भी दर्ज था। पुलिस का मानना है कि पुरानी रंजिश इस वारदात की एक वजह हो सकती है। शिकायत के आधार पर थाना डिवीजन नंबर-2, पठानकोट में एफआईआर नंबर 132 दिनांक 3 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

