भास्कर न्यूज| संगरूर जिले में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए डीसी पूनमदीप कौर ने अपने कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, बिजली विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर अनुभवी और प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा बिजली आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल सुविधाएं तथा ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नीट परीक्षा के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान पारदर्शिता, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और विद्यार्थियों के लिए अनुकूल वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां पूरी लगन और समर्पण के साथ निभाएं। बैठक में सहायक कमिश्नर (जनरल) राजबीर सिंह भंगू, डीएसपी करनैल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

