अजेय कुमार के नेतृत्व में राजस्थान में भाजपा संगठन को मिलेगी नई गति — मदन राठौड़
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
जयपुर, 01 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने वरिष्ठ संगठनकर्ता अजेय कुमार को राजस्थान भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अजेय कुमार का व्यापक संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण और कुशल नेतृत्व राजस्थान भाजपा संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता सशक्तीकरण और जनसेवा के कार्यों को नई गति मिलेगी।
मदन राठौड़ ने कहा कि अजेय कुमार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में वर्ष 1997 में श्रीनगर गढ़वाल से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हुए। उन्होंने श्रीनगर, हरिद्वार और हल्द्वानी में नगर प्रचारक, ऊधमसिंह नगर में जिला प्रचारक तथा अल्मोड़ा विभाग और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद एवं बिजनौर में विभाग प्रचारक के रूप में दायित्व निभाए। इसके बाद उन्होंने मेरठ प्रांत में प्रांत बौद्धिक शिक्षण प्रमुख के रूप में कार्यकर्ताओं का वैचारिक मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में अजेय कुमार को भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन) बनाया गया तथा वर्ष 2019 से वे उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) के रूप में कार्य कर रहे थे। उनके कार्यकाल में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान जैसे राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य में अजेय कुमार की नियुक्ति उनके संगठनात्मक कौशल, प्रभावी नेतृत्व क्षमता और परिणामोन्मुख कार्यशैली की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि अनुभवी और सक्षम संगठनकर्ता संगठन को नई दिशा तथा नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि अजेय कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राजस्थान भाजपा संगठन और अधिक सशक्त, सक्रिय तथा जनोन्मुखी बनेगा। उन्होंने उनके सफल एवं यशस्वी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव और कार्यकुशलता से संगठन विस्तार तथा जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी।
अजेय कुमार की नियुक्ति पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, ज्योति मिर्धा, अल्का मूंदड़ा, सरिता गेना, बिहारीलाल विश्नोई, छगन माहुर, हकरू भाई मईड़ा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, कैलाश मेघवाल, मिथिलेश गौतम सहित अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।
---------------

