धौलपुर/ अजमेर, 30 जून (हि.स.)। दस्यु जगन गुर्जर के परिजनों ने अजमेर जेल में हुई जगन गुर्जर की हत्या की सीबीआई जांच की मांग की है। सीबीआई जांच की मांग को लेकर मंगलवार सुबह दस्यु जगन गुर्जर का पुत्र आसाराम एवं अन्य परिजन अजमेर में जिला अस्पताल की मोर्चरी के सामने धरने पर बैठ गए। दस्यु जगन गुर्जर के बेटे आसाराम गुर्जर ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष और न्यायिक जांच की मांग की है।
उधर धौलपुर में भी जगन गुर्जर के परिजन कलक्ट्रेट पंहुचे तथा दस्यु जगन गुर्जर हत्याकांड को साजिश बताते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। दस्यु जगन गुर्जर के पुत्र आसाराम ने बताया कि उसके पिता जगन गुर्जर को तीन महीने पूर्व धौलपुर जिला कारागार से अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल ट्रांसफर किया था। अजमेर जेल में ही जगन गुर्जर का छोटा भाई पप्पू गुर्जर भी सजा काट रहा है। आसाराम ने बताया कि पहले दोनों भाई एक ही बैरक में बंद थे। लेकिन अजमेर जेल प्रशासन ने जगन गुर्जर को कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी विष्णु गुर्जर की बैरक में शिफ्ट कर दिया। इसके बाद में सोमवार को विष्णु गुर्जर ने जगन गुर्जर की हत्या कर दी। परिजनों द्वारा यह भी आरोप लगाया गया कि 29 जून को राजस्थान के अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद जगन गुर्जर की हत्या केवल एक बंदी द्वारा किया गया कृत्य नहीं है। जगन गुर्जर की हत्या अजमेर जेल प्रशासन और अन्य बंदियों की मिलीभगत से रची गई सुनियोजित साजिश का परिणाम है।
दस्यु जगन गुर्जर हत्याकांड के बाद परिजनों द्वारा सोंपे गए ज्ञापन में करीब तीन महीने पूर्व बाडी में दस्यु गुर्जर को हिरासत में लेने और गिरफ्तारी की निष्पक्ष जांच कराने, अजमेर जेल में बंद दस्यु पप्पू गुर्जर को धौलपुर जेल में शिफ्ट करने, उसे जगन गुर्जर के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति देने,जगन के परिवार को पुलिस सुरक्षा देने तथा हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग शामिल हैं।बताते चलें कि सोमवार को कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर की अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में हत्या कर दी गई। आरोप है कि भरतपुर के कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी विष्णु ने जगन गुर्जर की हत्या की है। हार्डकोर बंदी विष्णु और जगन गुर्जर एक ही बैरक में बंद थे। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
---------------

