सेवानिवृत्ति पर बीएयू के दो वरिष्ठ प्रोफेसरों के लिए विदाई समारोह आयोजित
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
रांची, 01 जून (हि.स.)। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के दो वरिष्ठ प्रोफेसर के सेवानिवृत्ति को लेकर सोमवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
सेवानिवृत होनेवाले प्रेफेसर के नाम पशु विकृति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ एमके गुप्ता और वनवर्धन एवं कृषि वानिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ एमएस मलिक शामिल है।
डॉ एमके गुप्ता लगभग 37 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत हुए।
वे पिछले एक वर्ष से पशु चिकित्सा और पशुपालन संकाय के डीन का भी अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। उन्होंने कई वर्षों तक निदेशक आवासीय शिक्षा-सह-डीन, स्नातकोत्तर अध्ययन संकाय और जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के प्रभारी के दायित्वों का भी निर्वहन किया।
सोमवार को पशु चिकित्सा महाविद्यालय में कुलपति डॉ एससी दुबे की अध्यक्षता में डॉ गुप्ता के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कुलपति ने कहा कि हमें अपने पेशा पर गर्व होना चाहिए और अपने वरीय शिक्षकों कर्मियों के प्रति कृतज्ञता भाव रखना चाहिए।
विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक और कर्मियों ने एक शिक्षक, वैज्ञानिक और प्रशासक के रूप में उनके योगदान और उनके मानवीय गुणों की चर्चा की और उनके स्वस्थ, सक्रिय एवं यशस्वी भावी जीवन की कामना की। प्रभारी डीन नामित किए गए पशुपालन प्रसार शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ आलोक कुमार पांडेय ने स्वागत भाषण और डॉ नन्दनी कुमारी ने मानपत्र प्रस्तुत किया। संचालन डॉ अर्पणा ने किया।
इसी प्रकार वरिष्ठ प्रोफेसर और वनवर्धन एवं कृषि वानिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ एमएस मलिक भी सेवानिवृत हुए। वर्ष 2005 में सीधी भर्ती से प्रोफेसर नियुक्त हुए डॉ मलिक कई वर्षों से वानिकी संकाय के डीन का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। उनके लिए वानिकी संकाय में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। वन उत्पाद और उपयोगिता विभाग के अध्यक्ष डॉ कौशल कुमार को वानिकी संकाय का प्रभारी डीन बनाया गया है।
निदेशक प्रसार शिक्षा का कार्यभार संभाल रही सामुदायिक विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ रेखा सिन्हा की अस्वस्थता के कारण मृदा विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ डीके शाही को प्रभारी निदेशक प्रसार शिक्षा बनाया गया है।
---------------

