भाजपा ने 10 नगर मंडलों में चलाया स्वच्छता अभियान, सफाई कर्मियों को किया सम्मानित

मुरादाबाद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर इकाई के तत्वावधान में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती मनाई गई। सर्वप्रथम भाजपा महानगर कार्यालय पर उनके चित्रों के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके देश के प्रति योगदान को याद किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितंबर को शुरू हुए सेवा पखवाड़े का समापन भी हुआ।

भाजपा महानगर महामंत्री व सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के महानगर संयोजक श्याम बिहारी शर्मा ने बताया कि सेवा पखवाड़े के समापन पर महानगर के सभी 10 नगर मंडलों में सार्वजनिक स्थान पर स्वच्छता अभियान चलाया गया और स्वच्छता कर्मियों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया व उन्हें सम्मानित किया गया। श्याम बिहारी शर्मा ने बताया कि रामगंगा विहार नगर मंडल, मध्यनगर, चंद्रनगर, कटघर, लाइनपार, दससराय, दीवान का बाजार, सिविल लाइन, भोजपुर और सेहल नगर मंडलों में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी जैसे महापुरुषों के नेतृत्व में भारत ने स्वतंत्रता हासिल की। लाखों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें अंग्रेजों के चंगुल से मुक्त कराया था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण एशियाई देशों में शांति का संदेश फैला रहे हैं, जिससे भारत की प्रतिष्ठा बढ़ रही है। उन्होंने गांधी और शास्त्री की सादगी और सेवा के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा दी।

सभी मंडलों में अतिथि के रूप में महानगर अध्यक्ष संजय शर्मा, विधान परिषद सदस्य डॉ जयपाल सिंह व्यस्त, महापौर विनोद अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख मनीष कुमार व संतोष सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया अग्रवाल, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की महानगर संयोजिका अल्पना रितेश गुप्ता, पार्षद दल के उपनेता सुरेंद्र बिश्नोई, नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष डॉ. गौरव श्रीवास्तव एडवोकेट, महानगर महामंत्री श्याम बिहारी शर्मा, दिनेश शीर्षवाल, नत्थूराम कश्यप, निमित्त, राजीव गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जयसवाल

   

सम्बंधित खबर