301 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा के साथ पार्वती माता मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
सुपौल, 23 जून (हि.स.)। जिले में सदर प्रखंड परिसर स्थित नवनिर्मित श्री पार्वती माता मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा एवं उद्घाटन महोत्सव का मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन 301 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार, मंगल ध्वनि और धार्मिक जयघोष के बीच निकली कलश यात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। कलश यात्रा की शुरुआत मंदिर परिसर से हुई। सिर पर कलश लिए 301 कन्याओं की लंबी कतार आकर्षण का केंद्र बनी रही।
यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी मैदान स्थित पोखर पहुंची, जहां वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार कलशों में पवित्र जल भरा गया।इसके बाद श्रद्धालु गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जय माता दी के उद्घोष के साथ पुनः मंदिर परिसर लौटे।
पूरे मार्ग में जय माता दी और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। कलश यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कन्याओं का स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और ग्रामीण इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।
आयोजन को लेकर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई थी। मंदिर निर्माण एवं आयोजन समिति के सदस्य मोती चौधरी और पप्पू कुमार ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार को मूर्ति भ्रमण, कलश यात्रा और भव्य जागरण का आयोजन किया गया।

