तृणमूल कार्यालय से सरकारी योजनाओं के आवेदन पत्रों से भरे बोरे बरामद

पूर्व बर्धमान, 12 मई (हि. स.)। काटवा के माजीग्राम इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय से सरकारी सहायता योजनाओं के आवेदन पत्रों से भरे कई बोरे बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया जा रहा है कि भाजपा की जीत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से एक भाजपा नेता ने अपनी कथित दखल की गई दुकान वापस ली, जिसके बाद यह खुलासा हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, माजीग्राम बस स्टैंड के पास स्थित जिस जगह पर तृणमूल का पार्टी कार्यालय चल रहा था, वहां पहले भाजपा के क्षेत्रीय स्तर के नेता अनुप चौधरी की दुकान थी। अनुप का आरोप है कि वर्षों पहले तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उनकी दुकान पर कब्जा कर उसे पार्टी कार्यालय में बदल दिया था।

अनुप चौधरी ने बताया कि करीब 30 वर्ष पहले उन्होंने स्थानीय एक परिवार से यह जमीन खरीदी थी और वहां मिट्टी की दीवार वाला दुकानघर बनाकर जूते और कपड़ों का व्यवसाय करते थे। वह उसी दुकान में रहते भी थे। वर्ष 2013 में बड़े भाई की दुर्घटना में मृत्यु के बाद वह कुछ दिनों के लिए घर गए थे। इसी दौरान तृणमूल के लोगों ने उनकी दुकान तोड़कर वहां जबरन पार्टी कार्यालय बना लिया।

अनुप ने दावा किया कि उन्होंने तृणमूल नेताओं से कई बार अपनी जमीन लौटाने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।

हाल ही में राजनीतिक परिस्थितियां बदलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्होंने अपने पुराने दुकानघर पर दोबारा कब्जा लिया। सफाई के दौरान वहां से करीब पांच बोरे दस्तावेज बरामद हुए। जांच में पता चला कि वे विभिन्न सरकारी सहायता योजनाओं के लिए ग्रामीणों द्वारा भरे गए आवेदन पत्र थे।

बरामद दस्तावेजों में इलाके के कई गांवों के निवासियों के आवेदन शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में भारी चर्चा शुरू हो गई है और राजनीतिक माहौल गरमा गया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर