एएमयू किशनगंज सेंटर में नियुक्ति जल्द कराने की मांग, सांसद डॉ. जावेद ने शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
किशनगंज, 08 जून (हि.स.)। किशनगंज के सांसद डॉ मोहम्मद जावेद आजाद ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के किशनगंज सेंटर में शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मियों की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को पत्र लिखा है।
सांसद ने आगामी शैक्षणिक सत्र को देखते हुए आवश्यक मंजूरी जल्द प्रदान करने का आग्रह किया है, ताकि नए पाठ्यक्रमों का संचालन समय पर शुरू किया जा सके। सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि नियुक्ति प्रक्रिया के लिए आवश्यक सभी दस्तावेज पहले ही समर्थ पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं। ऐसे में अब केवल संबंधित मंजूरी मिलने की प्रतीक्षा है।
उन्होंने कहा कि नया अकादमिक सत्र शीघ्र प्रारंभ होने वाला है और यदि मंजूरी में और विलंब होता है तो सीमांचल क्षेत्र सहित बिहार एवं पश्चिम बंगाल के आसपास के जिलों के हजारों छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा संबंधी उम्मीदों को झटका लग सकता है। डॉ. जावेद ने पत्र में कहा है कि एएमयू किशनगंज सेंटर सीमांचल जैसे शैक्षणिक रूप से पिछड़े क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। यहां नए पाठ्यक्रम शुरू होने से स्थानीय छात्रों को अपने घर के निकट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों का उल्लेख करते हुए कहा कि दूर-दराज के शहरों में जाकर उच्च शिक्षा प्राप्त करना उनके लिए काफी महंगा और कठिन होता है। सांसद ने चिंता व्यक्त की कि मंजूरी प्रक्रिया में देरी के कारण अनेक इच्छुक छात्र उच्च शिक्षा के अवसरों से वंचित हो सकते हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव उनके भविष्य और क्षेत्र के शैक्षणिक विकास पर पड़ेगा। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से अनुरोध किया है कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर मंजूरी प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मियों की नियुक्ति का मार्ग शीघ्र प्रशस्त किया जाए, ताकि आगामी सत्र से नए कोर्स शुरू हो सकें और विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

