राेहतक: नदी और नहर में अगर फैक्ट्रियों का गंदा पानी डाला तो होगी एफआईआर दर्ज, देना हाेगा भारी जुर्माना
- Admin Admin
- Mar 21, 2025

-कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार का यमुना को लेकर बयान
-सरकार का स्वच्छ जल देने के लिए है संकल्प
-रोहतक में प्रेस वार्ता कर रहे थे कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार
रोहतक, 21 मार्च (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना बहुत बड़ा मुद्दा रहा और उसी को लेकर हरियाणा विधानसभा में कानून बना दिया गया है कि यमुना या अन्य किसी नदी और किसी नहर में फैक्ट्री का गंदा पानी डाला गया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी और भारी जुर्माना किया जाएगा। यह कहना है हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पवार का। वे शुक्रवार काे हरियाणा बजट को लेकर रोहतक में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी जमकर कटाक्ष किए।
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों व प्रदेश की जनता को स्वच्छ जल देने के लिए कृत संकल्प है और इसी को लेकर हरियाणा विधानसभा में भी एक कानून बनाया गया है कि अगर कोई फैक्ट्री मालिक यमुना या किसी अन्य नदी और नहर के अंदर फैक्ट्री का गंदा पानी डालेगा तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी और भारी जुर्माना भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस चीज से बचने के लिए फैक्ट्री में ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाने चाहिए। ताकि पानी को संशोधित कर सिंचाई या अन्य तरीको में इस्तेमाल किया जा सके।
साथ ही उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा केवल सत्ता पक्ष पर आरोप प्रत्यारोप कर रहे हैं। लेकिन हरियाणा की विधानसभा में अपने विधानसभा गढ़ी सांपला किलोई या फिर रोहतक के लिए वह कोई भी सवाल नहीं पूछते हैं और यह सब रिकॉर्ड भी है। साथ ही वह बोले कि हरियाणा विधानसभा में विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं है और कांग्रेस पार्टी से तो अभी तक विपक्ष का नेता भी नहीं बन पाया है कांग्रेस पार्टी हताश हो चुकी है और हरियाणा विधानसभा में केवल शेरो शायरी करने तक की सीमित रह गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान पंचायती राज संशोधन बिल पेश किया गया है। जिसमें सरपंचों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद जांच के लिए पहले 2 साल तक की अवधि थी, लेकिन अब उसे बढ़कर 6 साल कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल