पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास की हालत नाजुक, ब्रेन हेमरेज की भी आशंका

उदयपुर, 1 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास की हालत गंभीर बनी हुई है। गणगौर पूजन के दौरान घर पर ही हादसे में वे झुलस गईं। बताया जा रहा है कि झुलसने के दौरान गिरने से उनके सिर में चोट लगी। इससे ब्रेन हेमरेज की भी आशंका है। फिलहाल उन्हें अहमदाबाद के जाइडस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।

जानकारी के अनुसार अहमदाबाद जाइडस अस्पताल के बर्न स्पेशलिस्ट डॉ. गिरीश अमलानी के हवाले से यह सामने आया है कि व्यास 90% तक झुलस चुकी हैं और उनकी स्थिति अत्यंत नाजुक है। गंभीर हालत के कारण फिलहाल किसी भी प्रकार की सर्जरी संभव नहीं है। चिकित्सक लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

इधर, डॉ. गिरिजा व्यास के भाई गोपाल शर्मा ने ब्रेन हेमरेज और वेंटिलेटर सपोर्ट की खबर को खारिज करते हुए कहा कि उनकी दीदी सिर्फ आईसीयू में भर्ती हैं। उन्होंने कहा, हम सब उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। शर्मा ने यह भी बताया कि गिरिजा व्यास का जल चढ़ाने का नियमित क्रम है और इसी दौरान यह हादसा हुआ।

गिरिजा व्यास की गंभीर हालत को लेकर कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके परिवार से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। पार्टी के नेताओं ने कहा कि वे डॉ. गिरिजा व्यास की सलामती की दुआ कर रहे हैं।

डॉ. गिरिजा व्यास कांग्रेस की वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वे राजस्थान सरकार में पर्यटन राज्य मंत्री रह चुकी हैं और 1985 से 1990 तक विधायक रहीं। वे 1991 में पहली बार उदयपुर से सांसद बनीं और 1996 व 1999 में दोबारा इसी सीट से निर्वाचित हुईं। 2009 में उन्होंने चित्तौड़गढ़ से लोकसभा चुनाव जीता।

इसके अलावा, वे कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष, कांग्रेस मीडिया प्रभारी और विचार विभाग की प्रमुख भी रह चुकी हैं। उन्होंने कांग्रेस के मुखपत्र कांग्रेस संदेश की एडिटर-इन-चीफ के रूप में भी कार्य किया।

पूर्व मुख्यमंत्री अशाेक गहलाेत ने डॉ. गिरिजा व्यास के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए साेशल मीडिशा पर संदेश लिख कि उनकी डॉ. गिरिजा व्यास के स्वास्थ्य को लेकर उनका इलाज कर रहे जायडस हॉस्पिटल, अहमदाबाद के प्लास्टिक सर्जन डॉ गिरीश अम्बलानी से बात हुई। उन्होंने बताया कि गिरिजा जी की जलने से गंभीर स्थिति हुई है परन्तु अभी उनकी हालत स्थिर है। मैं ईश्वर से उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

   

सम्बंधित खबर