पूर्वी चंपारण में तीसरे फेज के महा कुर्की अभियान में जमींदोज हुए कई माफियाओं के आशियाने
- Admin Admin
- Mar 20, 2025

एसपी के निर्देश पर पूरे दिन चला 56 थाना में महाकुर्की जप्ती अभियान
पूर्वी चंपारण, 20 मार्च (हि.स.)। जिला भर में कुर्की अभियान के तीसरे फेज में कई फरार अपराधियों के घर पर पुलिस का बुलडोजर चला है। न्यायालय से प्राप्त आदेश पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कुर्की अभियान चलाया है।
एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गुरुवार को जिले 56 थाना में 100 कुर्की की कार्रवाई का लक्ष्य रखा गया जिसमें लगातार पूरे दिन डीएसपी एवं इंस्पेक्टर के नेतृत्व पुलिस महकमा सड़क पर उतर कर कुर्की अभियान चलाया। इस कार्रवाई में हत्या,लूट,रंगदारी,हर्ष फायरिंग,शराब माफिया,भू माफिया,आर्म्स एक्ट , बलात्कार व जाली नोट सरीखे मामलों में अब तक फरार चल रहे अपराधियों के विरुद्ध कुर्की जप्ती की कार्रवाई की गई। इस दौरान कई आरोपियो ने सरेंडर भी किये।बताया गया कि करीब 28 साल से फरार चल रहे एक मामले में घोड़ासहन थाना क्षेत्र के बकुलिया गांव निवासी बांकलाल शाह के घर कुर्की की गई है। कांड संख्या 310 / 97 मामले में पिछले 28 साल से वह फरार चल रहा था।
हरसिद्धि थाना क्षेत्र के लौकरिया गांव में मर्डर केस के अभियुक्त के घर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की है। वही नगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार निवासी सुधीर श्रीवास्तव को पुलिस ने फर्जीवाड़े के मामले में गिरफ्तार किया है। बेलवनवा मोहल्ले के पंकज कुमार के घर धोखाधड़ी के कांड में पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की है। इसके अलावा 15 हजार के इनामी हर्ष फायरिंग मर्डर केस के अभियुक्त सुगौली थाना क्षेत्र के संजय राम के घर भी पुलिस ने कुर्की की है। भेलाही हत्याकांड के अभियुक्त उपेंद्र पटेल को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पलनावा में हत्याकांड के अभियुक्त बहूअरी निवासी चंद्रजीत महतो के घर भी कार्रवाई की गई है। वर्ष 2011 एवं 13 में हत्या के अलग अलग मुकदमे में कुर्की के डर से अभियुक्त ने सरेंडर किया है।एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया है कि फरार अपराधी सेरेंडर कर दे अन्यथा कुर्की की कारवाई लगातार चलाई जायेगी और एक भी बदमाश बक्शे नही जायेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार