उत्तर प्रदेश के साथ खत्म होगा सीमा विवाद,पुन्हाना में जमीन की पैमाइश हुई

यूपी सिंचाई विभाग की पांच एकड़ भूमि का किया गया सीमांकन, कब्जाधारियों को जारी होंगे नोटिस


नूंह, 17 जून । नूंह जिले के पुन्हाना शहर में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की भूमि पर संभावित अवैध कब्जों की जांच को लेकर दूसरे दिन भी सीमांकन और पैमाइश का कार्य जारी रहा। विभागीय अधिकारियों और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को निरीक्षण भवन के आसपास स्थित भूमि का मुआयना करते हुए जमीन की पैमाइश की और सीमांकन के लिए निशान लगाए थे । बुधवार को भी यह कार्य जारी रहा। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।

उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारी विनोद कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में कनिष्ठ अभियंता आरएस डागर, रीडर कैनाल मजिस्ट्रेट विनोद कुमार, सिंचाई पर्यवेक्षक मेघश्याम शर्मा, अनिल कुमार, जिलेदार नारायण सिंह सहित पुन्हाना तहसील के पटवारी, गिरदावर और अन्य कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर विभागीय भूमि का सत्यापन करते हुए सीमांकन कार्य को अंजाम दिया।

रीडर कैनाल मजिस्ट्रेट विनोद कुमार ने बताया कि पैमा रोड के निकट स्थित सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन से संबंधित लगभग पांच एकड़ भूमि की पैमाइश की गई है। इसके अलावा नहर विभाग की अन्य जमीनों का भी निरीक्षण और सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पैमाइश पूरी होने के बाद विभाग के पास उपलब्ध वास्तविक भूमि और उस पर हुए संभावित अवैध कब्जों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार सीमांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अवैध कब्जाधारियों की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। निर्धारित समय सीमा में कब्जा नहीं हटाने की स्थिति में प्रशासनिक सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुनहाना हल्का पटवारी मोहम्मद हुसैन ने बताया कि कई वर्षों से सिंचाई विभाग की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा खोखे लगाए गए हैं तथा रास्ता भी बना लिया गया है। इन्हीं शिकायतों और रिकॉर्ड के सत्यापन के लिए विभाग द्वारा जमीन की पैमाइश कराई जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर