(अपडेट) मौसम साफ होते ही गिरा पारा, 23 शहरों का पारा रात का पहुंचा 10 से नीचे
- Admin Admin
- Jan 24, 2025

जयपुर, 24 जनवरी (हि.स.)। मौसम साफ होते ही प्रदेश में सर्दी में इजाफा देखने को मिला है। बारिश के बाद चल रही शीतलहर के चलते प्रदेश के शहरों के पारे में 2 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे 23 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया। वहीं दो शहरों का रात का पारा पांच डिग्री से नीचे रहा। 3 डिग्री के साथ माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही। इसके अलावा फतेहपुर का पारा 3.9 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के सभी शहरों के पारे में गिरावट देखी गई। सबसे ज्यादा गिरावट दौसा शहर के रात के पारे में 7 डिग्री दर्ज की गई। आगामी दिनों में हवा चलने और मौसम साफ रहने से पारे में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। राज्य के अधिकांश भागों में हवा में आद्रता की औसत मात्रा 50 से 100 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गई। 26.1 डिग्री के साथ जालौर का दिन और 13.2 डिग्री के साथ जोधपुर शहर की रात सबसे सर्द रही। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से आगामी दो दिन में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस गिरावट होने की प्रबल संभावना है। शनिवार को राज्य के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्के से मध्य कोहरा छाए रहने की भी संभावना है।
जयपुर में बढ़ी सर्दी, हवाओं से रात के पारे में 4 डिग्री की गिरावट
जयपुर में सर्दी में इजाफा देखने को मिला है। जयपुर के दिन और रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को जयपुर में तेज धूप खिली और मध्यम गति की हवाएं चली। जयपुर के दिन के तापमान में 0.7 डिग्री और रात के पारे में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश