महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मां ने 4 बच्चों को जहर देकर की आत्महत्या
- DSS Admin
- Jun 13, 2026
मुंबई, 13 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मानगांव तहसील में स्थित खारवली गांव में एक मां ने अपने चार बच्चों को ज़हर देने के बाद खुद भी जहर पीकर आत्महत्या कर ली।
इस घटना में मां और उसके दो बच्चों की मौत हो गई है, जबकि 2 बच्चों की हालत बहुत गंभीर बताई जा रही है और दोनों का इलाज मानगांव के सरकारी अस्पताल में हो रहा है। इस घटना की छानबीन मानगांव पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि मानगांव तहसील के खारवली आदिवासी गांव में आशा जाधव (29) अपने चार बच्चों सहित रहती थी। शुक्रवार को देर रात आशा जाधव ने अपने चार बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर जहर दे दिया। इसके बाद आशा जाधव ने खुद जहर पी लिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों ने तत्काल मां और बच्चों को मानगांव सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में आशा जाधव और उनकी दो बेटियों, नंदिनी जाधव (7) और दुर्वा जाधव (6) की मौत हो गई। जबकि दो बच्चों की हालत बहुत गंभीर है। इन दोनों बच्चों का मानगांव के सरकारी हॉस्पिटल के इंटेंसिव केयर यूनिट में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। अभी तक आशा जाधव के आत्महत्या के बारे में पता नहीं चल सका है।
---------------

