पुणे जिले में तीन वाहनों की टक्कर में दो की मौत, तीन घायल
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
मुंबई, 01 जून (हि.स.)। पुणे जिले के लोनावाला में मुंबई-पुणे हाईवे पर सोमवार को दोपहर में तीन वाहनों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। खोपोली पुलिस स्टेशन की टीम इस मामले की छानबीन कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज दोपहर में पुणे से मुंबई की ओर जा रहे चावल से लदे ट्रक के ड्राइवर ने गाड़ी पर से कंट्रोल खो दिया और आगे चल रहे कंटेनर को टक्कर मार दी। उसी समय, दूसरी तरफ से आ रही अर्टिगा कार भी उससे टकरा गई, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया। टक्कर के बाद चावल से लदा ट्रक और खाने का तेल ले जा रहा कंटेनर सडक़ पर पलट गए। इस घटना में ट्रक ड्राइवर और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। कंटेनर ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अर्टिगा कार में सवार एक यात्री को गंभीर चोटें आई हैं और दूसरे को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में लीलाबाई सस्ते (80), मुकिंदा सस्ते (56) और महेंद्र पाल (39) शामिल हैं। खोपोली पुलिस स्टेशन की टीम ने दोनों मृतकों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि तीनों घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में हो रहा है। इस घटना की छानबीन जारी है।
---------------

