विधायक का पीए बनकर डॉक्टर को धमकी देने का आरोप, ऑडियो वायरल
- DSS Admin
- May 26, 2026
पश्चिम मेदिनीपुर, 26 मई (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के शालबनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में एक डॉक्टर को कथित तौर पर “विधायक के पीए” बनकर फोन पर धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, हालांकि इसकी सत्यता की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को ओपीडी में कार्यरत एक डॉक्टर को फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को विधायक विमान महतो के पीए तारकाटा टिंकू बताया और ड्यूटी के दौरान बाहर जाने को लेकर सवाल किए।
ऑडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। हालांकि विधायक विमान महतो ने स्पष्ट किया कि “तारकाटा टिंकू” नाम का कोई भी व्यक्ति उनका पीए नहीं है।
विधायक ने कहा कि संबंधित युवक उनके साथ कई कार्यक्रमों में देखा गया है और सोशल मीडिया पर वीडियो भी बनाता रहा है, लेकिन वह उनके आधिकारिक स्टाफ का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यवहार को किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
विधायक ने आगे कहा, “डॉक्टर बिना डर के अपना काम करें। अगर कोई मेरे नाम का इस्तेमाल कर धमकी देता है तो तुरंत इसकी जानकारी दें।”
उधर, कथित ऑडियो में सामने आए युवक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।
---------------

