दिलीप घोष ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, विकास योजनाओं और बजट तैयारियों पर रखी बात

मेदिनीपुर, 22 मई (हि.स.)। शुक्रवार सुबह मेदिनीपुर बाजार के एक्सिस बैंक के समीप आयोजित चाय पर एकत्रीकरण कार्यक्रम में राज्य के मंत्री दिलीप घोष ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया तथा क्षेत्र की राजनीतिक एवं प्रशासनिक स्थिति पर अपनी बात रखी।

मंत्री ने कहा कि वे इस स्थान पर पहले भी आ चुके हैं और यहां बैठकर चाय पी चुके हैं। उन्होंने कहा कि “ये लोग पहले भी थे और आज भी हैं, फर्क सिर्फ इतना है कि अब मेरी जिम्मेदारी बढ़ गई है और मुझे पदोन्नति मिली है।” उन्होंने आगे कहा कि सरकार पर अब विकास कार्यों की बड़ी जिम्मेदारी है और जनता तक प्रशासनिक कामकाज की जानकारी पहुंचाई जा रही है।

दिलीप घोष ने दावा किया कि राज्य में विकास कार्यों की शुरुआत हो चुकी है, हालांकि वित्तीय समस्याएं भी मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने कई “आर्थिक गड्ढे” छोड़ दिए हैं, जिन्हें भरना आवश्यक है।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी दिल्ली दौरे पर गए हैं, जहां केंद्र सरकार के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। आगामी बजट को लेकर उन्होंने बताया कि सभी विभागों में नई बजट तैयारी की प्रक्रिया शुरू हो गई है और वे स्वयं अपने तीन विभागों के अधिकारियों के साथ बजट से पहले बैठक करेंगे।

मंत्री ने आगे कहा कि राज्य में हिंसा और आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े कई मामलों की जांच शुरू कर दी गई है और जो भी लोग आरोपों में शामिल हैं, उन्हें कानून के दायरे में आना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद से ही प्रशासनिक कामकाज को गति दी गई है।

कार्यक्रम के बाद दिलीप घोष ने मेदिनीपुर में सुबह की सैर भी की और स्थानीय लोगों से बातचीत की।

---------------

   

सम्बंधित खबर