मोदी सरकार पूर्वोत्तर राज्यों को देश का विकास इंजन बनाने के लिए प्रतिबद्ध: मुरलीधर मोहोल

गंगटोक, 01 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने आरोप लगाया है कि 2014 से पहले तत्कालीन केंद्र सरकार ने सिक्किम सहित पूर्वोत्तर राज्यों की उपेक्षा की। उन्होंने दावा किया कि 2014 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के नारे के साथ भाजपा सरकार बनने के बाद पूर्वोत्तर राज्यों में विकास सुनिश्चित करने का काम हुआ है।

केंद्रीय राज्य मंत्री मोहोल आज राजधानी गंगटोक में भाजपा सिक्किम के वित्त प्रकोष्ठ द्वारा केंद्रीय बजट 2025-26 पर आयोजित संवाद सत्र में बोल रहे थे। इस सत्र में विभिन्न राजनीतिक दलों, विभिन्न संगठनों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सिक्किम के दो दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि केंद्रीय बजट 2025-26 को 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से पेश किया गया है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में समाज के हर वर्ग को शामिल किया गया है तथा यह समावेशी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने समाज के अंतिम व्यक्ति को ध्यान में रखकर बजट तैयार किया है।

केंद्रीय राज्य मंत्री मोहोल ने जानकारी दी कि पिछले 10 वर्षों में देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए हैं, भारत एक वैश्विक महाशक्ति और दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने दावा किया कि देश के 50 करोड़ लोग आज मोदी सरकार की किसी न किसी योजना के लाभार्थी हैं। उन्होंने कहा कि आज मेडिकल कॉलेजों, एमबीबीएस सीटों, सड़क निर्माण, रेलवे, हवाई अड्डों और अन्य क्षेत्रों में 2014 से पहले की तुलना में उल्लेखनीय कार्य हुआ है।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने पूर्वोत्तर राज्यों की उपेक्षा की थी और 2014 के बाद सिक्किम सहित पूर्वोत्तर राज्यों में विकास सुनिश्चित करने के लिए काम किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में सिक्किम को जैविक राज्य के रूप में मान्यता दी गई है और राज्य को हवाई मार्गों से जोड़ने का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि अब सिक्किम जल्द ही रेल मार्ग से भी जुड़ जाएगा।

सिक्किम की एकमात्र पाकिम हवाई अड्डे के बारे में बोलते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि यहां से देश के अन्य राज्यों के लिए निर्बाध हवाई सेवाएं संचालित करने की पहल की जाएगी। मोदी सरकार पूर्वोत्तर राज्यों को देश का विकास इंजन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री का विजन सिक्किम को जैविक खेती में दुनिया का अग्रणी राज्य बनाना है और केंद्र इस दिशा में सिक्किम को पूरा सहयोग देगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung

   

सम्बंधित खबर