मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिले बालीवुड कलाकार रणदीप हुड्डा

चंडीगढ़, 21 मई (हि.स.)। बालीवुड में हरियाणवी मूल के अभिनेता रणदीप हुड्डा ने बीती रात चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने राधा-कृष्ण की तस्वीर भी भेंट की।

मुलाकात के दौरान हरियाणा की संस्कृति, युवाओं की प्रतिभा, फिल्म उद्योग में प्रदेश की बढ़ती पहचान और हरियाणवी बोली को देश-दुनिया तक पहुंचाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। एक्टर रणदीप हुड्डा की सादगी, अभिनय क्षमता और अपनी मिट्टी से जुड़ाव को लेकर मुख्यमंत्री ने भी उनकी सराहना की।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस मुलाकात की एक फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर भी साझा की। सीएम नायब सैनी ने कहा कि रणदीप हुड्डा ने बॉलीवुड में अपनी दमदार अभिनय शैली से अलग पहचान बनाई है। उन्होंने फिल्मों के माध्यम से हरियाणवी बोली, संस्कृति और प्रदेश की मिट्टी की खुशबू को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रणदीप हुड्डा जैसे कलाकार प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। मुख्यमंत्री ने अभिनेता रणदीप हुड्डा के सादगीपूर्ण व्यक्तित्व की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि फिल्मी दुनिया में ऊंचा मुकाम हासिल करने के बावजूद रणदीप हुड्डा अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं। यही कारण है कि हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश में लोग उन्हें बेहद पसंद करते हैं।

बैठक के दौरान युवाओं को खेल, कला और फिल्म क्षेत्र में आगे बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और रणदीप हुड्डा जैसे व्यक्तित्व युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देते हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर