चंडीगढ़ की प्रियंका एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में:हरियाणा की मुस्कान को 5-0 से हराया; रोजाना कड़ी प्रैक्टिस और फाइट्स का मिला इनाम

चंडीगढ़ की मुक्केबाज प्रियंका ने एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाकर शहर को गौरवान्वित किया है। पटियाला में हुए चयन ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 80+ किलोग्राम वर्ग में अपना दबदबा कायम रखा और राष्ट्रीय टीम का टिकट हासिल कर लिया। अब वह 3 से 16 जुलाई तक इंडोनेशिया के जकार्ता में होने वाली एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस), पटियाला में 28 मई से 1 जून तक हुए चयन ट्रायल्स में प्रियंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार मुकाबले जीते और भारतीय टीम में अपनी जगह बना ली। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने महाराष्ट्र की सलोनी को हराया। इसके बाद प्रियंका ने सेमीफाइनल में राजस्थान की मुक्केबाज निर्झरा को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में प्रियंका ने हरियाणा की मुक्केबाज मुस्कान को भी 5-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया और भारतीय टीम में जगह पक्की कर ली। कोच की मेहनत लाई रंग प्रियंका की इस सफलता के पीछे उनके कोच देवेंद्र सिंह नेगी की मेहनत भी अहम रही। सेक्टर-44बी स्थित शिव.एन सक्सेस बॉक्सिंग अकादमी में पिछले चार वर्षों से वह कोच नेगी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। कोच नेगी रोजाना उनकी कड़ी प्रैक्टिस करवाने के साथ स्पैरिंग फाइट्स और फिटनेस पर विशेष ध्यान देते हैं, जिसका परिणाम अब राष्ट्रीय टीम में चयन के रूप में सामने आया है। कोच देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि प्रियंका ने लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण दिखाया है। उन्हें उम्मीद है कि वह एशियन चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगी।

   

सम्बंधित खबर