चंडीगढ़ विजिलेंस ने आउटसोर्स का रिकॉर्ड कमिश्नर से मांगा:समाजसेवी ने एडवाइजर को दी थी शिकायत, चहेतों को नौकरियां देने का आरोप
- Admin Admin
- Aug 07, 2025
चंडीगढ़ नगर निगम में चहेतों को दी जा रही आउटसोर्स नौकरियों और इसके अलावा फंड गड़बड़ी का भी निगम पर आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत समाज अधिकार कल्याण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंभू बनर्जी ने चंडीगढ़ के एडवाइजर को दी थी। जिसके बाद मामले की जांच विजिलेंस को सौंपी गई और अब विजिलेंस ने मामले में कार्रवाई करते हुए नगर निगम कमिश्नर से मामले से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड मांगा है। शंभू बनर्जी ने कहा कि नगर निगम में सरकार के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है, जो आम जनता के टैक्स से आता है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सरकारी फंड को बर्बाद होने से बचाया जाए। ये लगे निगम पर आरोप शंभू बनर्जी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाते हुए लिखा कि नगर निगम में पिछले 2-3 वर्षों में आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति में भारी बढ़ोतरी हुई है। पहले जहां कर्मचारियों के वेतन पर हर महीने 5 करोड़ रुपए खर्च होते थे, अब यह बढ़कर 15 करोड़ रुपए प्रति माह हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये आउटसोर्स कर्मचारी ज्यादातर अधिकारियों, कर्मचारियों या पार्षदों के करीबी हैं और उन्हें बिना किसी टेस्ट या मेरिट के भर्ती किया गया है। कई कर्मचारी तो ऐसे हैं जो अगर टेस्ट देते भी हैं, तो पास नहीं कर पाते। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कई सेवानिवृत्त अधिकारी भी निगम में बिना जरूरत सिर्फ खुश करने के लिए एग्रीमेंट पर फिर से रख लिए गए हैं। नगर निगम के कर्मचारियों के लिए जो गाड़ियां सरकारी काम के लिए दी जाती हैं, उन्हें भी निजी इस्तेमाल में लाया जा रहा है। ये गाड़ियां ऐसे कर्मचारियों को भी दी गई हैं जो इसके पात्र नहीं हैं। विजिलेंस ने दर्ज किए बयान विजिलेंस द्वारा समाज अधिकार कल्याण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंभू बनर्जी को विजिलेंस पुलिस स्टेशन, सेक्टर-9 में बयान दर्ज करवाने के लिए बुलाया गया था। जिसके बाद वह अपने बयान दर्ज करवा आए हैं और जो उन्होंने शिकायत में लिखा था वही अपने बयानों में बताया।



