पहली बार मुल्लांपुर में टेस्ट क्रिकेट, दर्शकों के लिए खास:भारत-अफगानिस्तान मैच 6 जून से, सिर्फ 250 रुपये से टिकट शुरू

न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित स्टेडियम में 6 से 10 जून तक भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले टेस्ट मैच को लेकर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह भारत का 31वां और पंजाब का तीसरा टेस्ट क्रिकेट वेन्यू होगा। इससे पहले पंजाब में मोहाली और जालंधर टेस्ट मैचों की मेजबानी कर चुके हैं। वहीं, बच्चों के लिए टिकट की शुरुआती कीमत 250 रुपए रखी गई है। खास बात यह है कि एक ही टिकट पर दर्शक टेस्ट मैच के पांचों दिन मुकाबले का आनंद ले सकेंगे। दोनों टीमें चंडीगढ़ पहुंच चुकी हैं और मुल्लांपुर स्थित स्टेडियम में अभ्यास कर रही हैं। मैच को लेकर पीसीए सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने तैयारियों की जानकारी साझा की। आइए, 3 बिंदुओं में जानते हैं पूरी जानकारी। 1. 6 से 10 जून तक खेला जाएगा मैच पीसीए सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने बताया कि 6 से 10 जून तक भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि पहली बार मुल्लांपुर स्टेडियम को टेस्ट मैच की मेजबानी का मौका मिला है। यह भारत का 31वां और पंजाब का तीसरा टेस्ट वेन्यू होगा। 2. 250 रुपये से शुरू टिकट गुरमीत सिंह मीत हेयर ने खास तौर पर अभिभावकों से अपील की है कि वे गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव दिलाने के लिए स्टेडियम लेकर आएं। इससे बच्चों को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखने का मौका मिलेगा। मैच के लिए टिकट की कीमत 250 रुपये से शुरू रखी गई है। एक टिकट पर दर्शक पांचों दिन मैच देख सकेंगे। वे चाहें तो पूरा दिन या किसी विशेष सत्र के दौरान भी स्टेडियम पहुंच सकते हैं। 3. कप्तान होंगे शुभमन गिल, टीम में गुरनूर बराड़ भी भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी पंजाब के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल करेंगे, जबकि पंजाब के ही गुरनूर बराड़ भी टीम का हिस्सा हैं। क्रिकेट प्रशंसकों से भारतीय टीम और पंजाब के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचने की अपील की गई है।

   

सम्बंधित खबर