सभी नगर निगमों में सौर ऊर्जा संयंत्रों की हो रही स्थापना, अयोध्या बनेगा माडल शहर : ए.के. शर्मा

लखनऊ, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उ.प्र.सौर ऊर्जा नीति-2022 के अन्तर्गत अयोध्या शहर को प्रदेश का पहला सौर ऊर्जा के मॉडल सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें शहर के कुल विद्युत भार का 10 प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा के माध्यम से पूर्ति की जाएगी। साथ ही अन्य 16 नगर निगमों में भी सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना करायी जा रही है। वर्तमान में अयोध्या नगर में सोलर सिटी में 15.75 करोड़ रुपए तथा अन्य नगरों में सोलर सिटी में 40 करोड़ रुपए के बजट प्राविधान किया गया है। किसी भी नगर में सोलर सिटी कार्यक्रम के लिए नगर आयुक्त के माध्यम से प्रस्ताव प्राप्त कर राज्य स्तरीय समिति के अनुमोदनोपरान्त कार्य कराये जाते हैं। ये बातें ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहीं।

उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में अयोध्या सोलर सिटी कार्यक्रम के अन्तर्गत अब तक 766 अदद स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट, 2300 सोलर स्ट्रीट लाइट, 250 अदद सोलर हाई मास्ट, 3.33 मेगावाट क्षमता के ऑनग्रिड सोलर पावर प्लाण्ट, 50 किलोवाट क्षमता का ऑफग्रिड सोलर पावर प्लाण्ट एवं 06 मीट्रिक क्षमता का 01 अदद् सोलर आधारित कोल्ड स्टोरेज, 01 किलोवाट क्षमता के 40 सोलर ट्री, 2.5 किलोवाट क्षमता के 18 सोलर ट्री, 10 सोलर वॉटर किऑस्क के अधिष्ठापन का कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। साथ ही पर्यटन के दृष्टिगत 02 सोलर बोट का संचालन सरयू नदी पर किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सरयू के तट पर 40 मेगावाट का सोलर प्लाण्ट स्थापित किया गया है। अयोध्या में सरयू नदी तट पर 10.25 किलोमीटर के मार्ग पर लक्ष्मण किला से निर्मली कुण्ड तक 487 स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित कर मार्ग को प्रकाशित करा दिया गया है।

वही वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी योजनांतर्गत अयोध्या शहर में 150 स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट, 1100 सोलर स्ट्रीट लाइट, 75 सोलर हाई मास्ट संयंत्रों के अधिष्ठापन की कार्यवाही गतिमान है। इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2023-24 में अयोध्या के साथ अन्य नगर निगमों में वाराणसी नगर निगम परिक्षेत्र में सोलर सिटी योजनान्तर्गत 1512 सोलर स्ट्रीट लाइट एवं 200 स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गई।

इसी प्रकार सोलर सिटी योजनांतर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 में वाराणसी नगर निगम परिक्षेत्र में 500 सोलर स्ट्रीट लाइट, 100 सोलर हाई मास्ट, 01किलोवाट क्षमता के 10 सोलर ट्री, 04 सोलर वॉटर कियास्क एवं 200 स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना कराया जाना प्रस्तावित है। झांसी नगर निगम परिक्षेत्र में 200 सोलर स्ट्रीट लाइट एवं 25 सोलर हाई मास्ट की स्थापना कराया जाना प्रस्तावित है। आगरा नगर निगम परिक्षेत्र में 600 सोलर स्ट्रीट लाइट, 50 सोलर हाई मास्ट की स्थापना कराया जाना प्रस्तावित है। अलीगढ़ नगर निगम परिक्षेत्र में 90 सोलर हाई मास्ट, 550 सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना कराया जाना प्रस्तावित है। प्रयागराज नगर निगम परिक्षेत्र में 05 सोलर हैरिटेज हाई मास्ट, 02 सोलर ट्री, 05 सोलर हाई मास्ट एवं 02 सोलर वॉटर किऑस्क की स्थापना कराया जाना प्रस्तावित है। लखनऊ नगर निगम परिक्षेत्र में 30 स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट, 60 सोलर हाई मास्ट, 800 सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना कराया जाना प्रस्तावित है। कानपुर नगर निगम परिक्षेत्र में 20 सोलर हैरिटेज हाई मास्ट, 310 सोलर हाई मास्ट, 02 सोलर ड्रिंकिंग वॉटर किऑस्क, 02 सोलर ट्री, 1000 सोलर स्ट्रीट लाइट एवं 75 किलोवाट का ऑनग्रिड सोलर पावर प्लाण्ट की स्थापना कराया जाना प्रस्तावित है।

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र नाथ राय

   

सम्बंधित खबर