पिकअप की ठोकर से दूसरी पिकअप पलटी, 15 मजदूर घायल

धमतरी, 1 अक्टूबर (हि.स.)।मजदूरों से खचाखच भरी पिकअप को पीछे से दूसरे पिकअप चालक ने जबरदस्त ठोकर मार दी। जिससे वह पलट गई। हादसा से सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। वाहन में सवार 15 मजदूर घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।

पुलिस सहायता केंद्र जिला अस्पताल धमतरी से मिली जानकारी के अनुसार एक अक्टूबर को ग्राम कोर्रा से करीब 30 मजदूरों को पिकअप में बिठाकर खेती-किसानी कार्य कराने के लिए ग्राम जरवाय, थाना रनचिरई ले जा रहे थे, तभी ग्राम बेल्हारी चौक के पास दूसरे पिकअप के चालक ने वाहन को जबरदस्त ठोकर मारने से पिकअप पलट गई। हादसा में सवार करीब 15 मजदूर घायल हो गए। राहगीरों और लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी लाया गया, जहां उपचार जारी है।

घायल मजदूरों में रघुनाथ सिंह 52 वर्ष, रैनी साहू 36 वर्ष, उषा साहू 41 वर्ष, चंदि्रका साहू 31 वर्ष, कलाबाई 32 वर्ष, सातो यादव 50 वर्ष, महेश साहू 45 वर्ष, मीना यादव 41 वर्ष, सोमती बाई 35 वर्ष, पूजा साहू 32 वर्ष, संतोष 32 वर्ष शामिल है। घायल मजदूरों में सबसे ज्यादा चोटें सोमती बाई को आई है, जिन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। शेष घायलों का उपचार जारी है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर