कांग्रेस अध्यक्ष का साइबर पर बयान हताशा: मनवीर चौहान

देहरादून, 6 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के साइबर व्यवधान को लेकर दिए गए बयान को हताशा और खीज बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न केवल सिस्टम विहीन दल है, बल्कि वह बिना बही के खातेदार भी हैं।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि साइबर सिस्टम में आया व्यवधान अस्थाई है और यह कुछ घंटों में ठीक हो जाएगा। विशेषज्ञ कमी को ढूंढकर दूर करने में जुटे हैं और सीएम हेल्प लाइन सहित कुछ साइट ठीक भी हो गयी हैं। सोमवार तक साइबर के ठीक होने का भरोसा विशेषज्ञों ने दिया है, लेकिन कांग्रेस इसे मौका देखकर सरकार के कामकाज से तौल रही है, जो कि उसकी मानसिकता को दिखाता है।

उन्होंने कहा कि डिजिटिलाइजेशन का यह पूरा नेटवर्क भाजपा की सरकारों में ही तैयार किया गया और आज यह सुविधा आसानी से लोगों को मिल रही है। यह आरोप सरासर मनगढंत है कि कानून व्यवस्था अथवा अन्य जरूरी कार्य इससे प्रभावित हुए हैं। थाना चौकी या अन्य जगहों पर नियमित सुनवाई आम जन की हो रही है और सीएम हेल्प लाइन कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी का कार्यकाल बेरोजगारों को रोजगार देने के मामले में एक नजीर है। नियमित सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन, पारदर्शी परीक्षा और नियुक्ति मिल रही है। आज प्रदेश की जनता को भी विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में विकसित उत्तराखंड के उद्देश्य को लेकर राज्य बहुत तेज गति के साथ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही वह दल है जिसके मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री ने बिना खाता बही के अपनी बात को सही ठहराया। आज कांग्रेस अध्यक्ष भी उसी राह पर हैं। राज्य हित में तमाम ऐतिहासिक कानून धामी सरकार में बने हैं और अब राज्य की सांस्कृतिक सरंक्षण के लिए कानून आने वाला है। लेकिन कांग्रेस इस ओर जान बूझकर अनजान होने का नाटक कर रही है। प्रदेश के लाखों युवा और महिलाएं हकीकत से रूबरू है और उन्हे कांग्रेस के दुष्प्रचार के बारे में पूरी जानकारी है। कांग्रेस को विकास कार्यों अथवा युवा और महिलाओं को रोजगार के मामले पर ईर्ष्या नहीं बल्कि प्रसन्नचित होकर अपने सुझाव को आगे बढ़ना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

   

सम्बंधित खबर