राजगढ़ः क्रेडिट कार्ड का प्रोटेक्शन प्लान हटाने के नाम पर 1.60 लाख की ठगी
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
राजगढ़, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा देहात थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने बैंक प्रतिनिधि बनकर एक युवक के क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 60 हजार 330 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने बुधवार को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार विनायक नगर निवासी अनिल यादव (35) पुत्र रोडजी यादव निर्वाचन शाखा ब्यावरा में आउटसोर्स कर्मचारी हैं। उन्होंने करीब एक माह पहले फोन-पे के माध्यम से ऑनलाइन एक्सिस बैंक का क्रेडिट कार्ड लिया था। 15 जून की दोपहर उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड पर एक प्रोटेक्शन प्लान एक्टिव है, जिसे तत्काल हटाना जरूरी है, अन्यथा कार्ड से अतिरिक्त राशि कटती रहेगी।अज्ञात व्यक्ति ने अनिल को विश्वास में लेकर एक व्हाट्सएप नंबर पर एप्लिकेशन भेजी और कार्ड से संबंधित जानकारी मांगी। इसके बाद विभिन्न प्रक्रियाओं के नाम पर उनसे ओटीपी भी प्राप्त कर लिया। ओटीपी साझा करने के कुछ ही देर बाद उनके क्रेडिट कार्ड से कुल 1 लाख 60 हजार 330 रुपए की राशि ट्रांजेक्शन के जरिए निकाल ली गई। जब अनिल ने कार्ड का बैलेंस और ट्रांजेक्शन विवरण जांचा तो खाते से रकम कटने का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 316(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, कार्ड डिटेल या बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।
---------------

