वृद्धजनों की सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर बोथरा की सेवा काे मिला सम्मान

बीकानेर, 2 अक्टूबर (हि.स.)। मनुष्य के अंदर जब साक्षात भगवान का वास होता है, तब वह परपीड़ा को समझते हुए मानव सेवा के मार्ग पर चलता है और समाज से निर्वासित हुए मंदबुद्धि, असहाय एवं लाचार व्यक्तियों का सहारा बनता है।

यह बात जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने जसकरण बोथरा फाउंडेशन के कन्हैयालाल बोथरा को वृद्धजनों की सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए जिला स्तर पर सम्मानित करते हुए कही। यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर कार्यालय एवं जिला प्रशासन, साथ ही सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एल.डी. पंवार ने कहा कि समाज में ऐसे लोग विरले ही होते हैं, जो निराश्रित और असहाय लोगों की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर देते हैं। आज कन्हैयालाल बोथरा का जिला स्तर पर सम्मान करना हम सबके लिए गौरव का विषय है।

बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि कन्हैयालाल बोथरा समाज सेवा के क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहे हैं। साथ ही, धार्मिक क्षेत्र में भी उन्होंने विभिन्न संस्थाओं को सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति पर परमात्मा की असीम अनुकंपा होती है, वही मानव सेवा के क्षेत्र में अपना परचम फहराता है।

इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ सोहनलाल, अति. जिला कलेक्टर शहर रमेश देव, नगर निगम उपायुक्त यशपाल अहुजा, भाजपा शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़, सत्यप्रकाश आचार्य, वाई के शर्मा योगी, पूर्व उप महापौर राजेन्द्र पंवार, किशन चौधरी सहित धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

   

सम्बंधित खबर