सागरः पुलिस की बड़ी कार्यवाही: राहतगढ़ में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, महिला समेत दो गिरफ्तार

सागर, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे 'विशेष अभियान' के तहत थाना राहतगढ़ और सीहोरा पुलिस चौकी को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर अवैध गांजे के साथ तस्करी में लिप्त महिला आरोपी और उसके रिश्तेदार को भी रंगे हाथों दबोचा है।

पुलिस ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गत दिवस मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक ऑटो वाहन के माध्यम से अवैध गांजे की खेप ले जाई जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जौहरिया तिगड्डा के पास आम रोड पर मोर्चा संभाला और घेराबंदी शुरू की। आज आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजते हुए जानकारी दी।

संदेह के आधार पर पुलिस ने एक ऑटो वाहन (MP15ZQ 7667) को रोका। वाहन को नरेन्द्र जैन चला रहा था, जबकि पीछे एक महिला बैठी हुई थी। जब पुलिस ने महिला के पास रखे बैग की गहन तलाशी ली, तो उसमें से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ।

पुलिस द्वारा मौके पर की गई वैधानिक कार्यवाही और तौल के बाद निम्नलिखित सामग्री ज़ब्त की गई । कुल गांजा 4.030 किलोग्राम (अनुमानित कीमत ₹20,000)। तस्करी में प्रयुक्त ऑटो (अनुमानित कीमत ₹3,00,000)।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा सहित सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को विशेष न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें केन्द्रीय जेल सागर भेज दिया गया है। इस कार्यवाही ने क्षेत्र में अवैध नशा कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस तस्करी के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर