गैंडीखाता में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
- DSS Admin
- May 08, 2026
हरिद्वार, 08 मई (हि.स.)। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा के गैंडीखाता क्षेत्र में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार पर महिला विरोधी नीतियां अपनाने और प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया।
जिलाध्यक्ष लक्ष्य चौहान और विधानसभा अध्यक्ष आदिल गुर्जर ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और महिलाओं व बच्चियों के खिलाफ घटनाएं चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई हैं। उनका कहना था कि कई मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आते हैं और सरकार उन्हें संरक्षण देने का कार्य करती है।
नेताओं ने कहा कि भाजपा का ध्यान केवल सत्ता हासिल करने तक सीमित है, जबकि जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चंपावत मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है, जिसमें पीड़ित पर दबाव बनाकर बयान बदलवाने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटी बच्चियों के साथ हो रहे अपराधों में भी सरकार आरोपियों को बचाने का काम कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

