सात दिनों में हटाए जाएँ शहर में लगे चुनावी पोस्टर और बैनर

नाहन, 18 मई (हि.स.)। स्थानीय नगर परिषद चुनाव की सियासी जंग थमने और नतीजे आने के बाद अब शहर को वापस अपनी पुरानी और खूबसूरत शक्ल में लौटाने की कवायद शुरू हो गई है। चुनाव प्रचार के दौरान पूरे नाहन शहर में जगह-जगह, लोगों के घरों की दीवारों, निजी संपत्तियों और सरकारी परिसरों पर चस्पा किए गए हज़ारों चुनावी पोस्टर और बैनर आज भी जस के तस लटके हुए हैं।

इस बीच, प्रशासन ने इस ‘पोस्टर कल्चर’ और शहर की स्वच्छता को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। नगर परिषद के अधिकारी संजय चौहान ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि चुनाव संपन्न होने के बाद इन सभी चुनावी पोस्टरों और प्रचार सामग्रियों को हटाने के लिए नियमों के तहत 7 दिन का समय निर्धारित किया गया है।

चुनाव प्रचार के दौरान वोटरों को लुभाने के लिए हर वार्ड में पोस्टरों की बाढ़ आ गई थी। कई जगह तो मकान मालिकों की अनुमति के बिना ही उनके घरों के मुख्य द्वारों, दीवारों और पिलर्स पर गोंद से पोस्टर चिपका दिए गए थे, जो अब फटने लगे हैं।

लोकतंत्र के इस पर्व में प्रचार करना हर प्रत्याशी का अधिकार था, लेकिन चुनाव संपन्न होने के बाद शहर की सुंदरता को बहाल करना उनकी नैतिक और कानूनी ज़िम्मेदारी है। नगर परिषद प्रशासन द्वारा दी गई 7 दिनों की इस मोहलत के भीतर उम्मीद की जानी चाहिए कि सभी नवनिर्वाचित और चुनावी मैदान में रहे प्रत्याशी ज़िम्मेदारी निभाएंगे, ताकि नाहन की पहचान उसकी स्वच्छता से बनी रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर