मुंबई, 17 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के मुलशी तहसील में चांदे-मूलखेड रोड पर रविवार को सुबह एक रिक्शा और फॉरचूनर की टक्कर में रिक्शा ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई और फॉरचूनर में सवार तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना की छानबीन पौंड पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह शिवसेना यूबीटी के जिला अध्यक्ष प्रकाश भेगड़े अपने दो कार्यकर्ताओं सहित फॉच्र्यूनर गाड़ी से तेज रफ्तार से चांदे-मूलखेड रोड पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार आ रहा रिक्शा अनियंत्रित होकर फॉरचूनर गाड़ी से टकरा गया। इस घटना में गंभीर रुप से घायल रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि फॉच्र्यूनर गाड़ी में सफर कर रहे प्रकाश भेगड़े और अन्य दो घायल हो गए। इन तीनों घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पौंड पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और मृतक रिक्शा चालक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना में मृतक रिक्शा चालक की पहचान विकास अर्जुन पारखी के रुप में की गई है। इस घटना के बाद फॉच्र्यूनर गाड़ी के चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की छानबीन जारी है।
---------------

