पुणे में गर्भवती महिला की मौत मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच समिति गठित

मुंबई, 04 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को पुणे में गर्भवती महिला की मौत मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने का आदेश दिया है। इस समिति की अध्यक्षता पुणे के संयुक्त चैरिटी आयुक्त करेंगे। उनके साथ उप सचिव यमुना जाधव, मुख्यमंत्री सचिवालय का प्रतिनिधि, सर जेजे अस्पताल समूह, मुंबई के अधीक्षक और विधि एवं न्याय विभाग के उप सचिव इस जांच समिति के सदस्य सचिव होंगे।

आरोप है कि पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल प्रशासन ने गुरुवार को प्रसूति के लिए गई गर्भवती महिला तनिषा भिसे से पैसे की मांग की थी। पैसे न देने पर गर्भवती महिला को अस्पताल में दाखिल करने से मना कर दिया गया था। इसके बाद महिला को अन्य अस्पताल में दाखिला होना पड़ा, जहां महिला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया, लेकिन महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद आज पुणे में दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल के सामने सभी दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया था।

भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल के डॉक्टर की निजी क्लीनिक में तोड़फोड़ की। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने इस मामले की छानबीन के लिए उच्च स्तरीय समिति की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

   

सम्बंधित खबर