पुणे टाइम बम मामला : आरोपित का रंगदारी वसूलने का था प्लान
- DSS Admin
- May 15, 2026
मुंबई, 15 मई (हि.स.)। पुणे के अस्पताल में आरोपित ने टाइम बम रंगदारी वसूलने के लिए रखा था। आरोपित ने टाइम बम यू ट्यूब देखकर बनाया था। उसके पास से एक डिजिटल घड़ी भी बरामद की गई है। पुलिस इस मामले की हर ऐंगल से जांच कर रही है।
पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि आरोपित शिवाजी राठौड साेलापुर जिले के मंजरी इलाके का मूल निवासी है और वह 10 मई को अपने इलाज के लिए पुणे हड़पसर में स्थित आशा किरण अस्पताल में गया था। इसके बाद उसने अपने इलाज के लिए पैसे अस्पताल से ही वसूलने का प्लान बनाया और इसी लिए उसने बुधवार शाम को अस्पताल में टाइम बम रखा था।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपित ने जो बम रखा था, उसमें कोई एक्सप्लोसिव नहीं था। आरोपित ने सिर्फ़ 400 रुपये में बम जैसी चीज़ बनाई थी। इसमें एक डिजिटल घड़ी, चार पाइप, सेलो टेप, दो तार, काले और लाल रंग के थे। आरोपित ने यह सभी सामान अलग-अलग जगह से खरीदा था, इसलिए इस मामले में अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। आरोपित के घर से तलाशी के दौरान एक डिजीटल घड़ी और 2 किलोग्राम गांजा मिला है, और आगे की जांच चल रही है।
आरोपित नागपुर से हावड़ा होते हुए नेपाल जाने वाला था, जहां आरोपित की बहन नेपाल में रहती है। लेकिन पुलिस ने उसे नागपुर से ही गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुणे पुलिस के साथ एटीएस की टीम आरोपित से हर ऐंगल से पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम को आशाकिरण अस्पताल में मिले बम को डिफ्यूज कर दिया गया है। इसकी फोरेंसिक जांच की जा रही है और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने पर और अधिक जानकारी सामने आएगी।
---------------

