डाॅ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान में सबको समान अधिकार देकर दिखाया समाज सुधार का मार्ग
- Admin Admin
- Dec 06, 2025
धमतरी, 6 दिसंबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी द्वारा भारत रत्न डाॅ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि (महापरिनिर्वाण दिवस) पर छह दिसंबर को श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर स्थित अंबेडकर चौक में कांग्रेसजनों ने एकत्र होकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधायक ओंकार साहू ने कहा कि डाॅ. अंबेडकर भारतीय संविधान निर्माण के मुख्य शिल्पकार थे। उन्होंने देश के हर नागरिक को समान अधिकार देकर एक न्यायपूर्ण समाज की नींव रखी। छह दिसंबर 1956 को उनके देहावसान के उपलक्ष्य में इस दिन को महापरिनिर्वाण दिवस के रूप में मनाया जाता है। पूर्व महापौर विजय देवांगन ने कहा कि डा अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करके ही सामाजिक समता, समानता और न्याय की स्थापना संभव है। उनके सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विचार आज भी देश को दिशा प्रदान कर रहे हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी ने कहा कि भारत को गर्व है कि डा अंबेडकर द्वारा रचित संविधान दुनिया के लिए मार्गदर्शक बना है। वहीं पूर्व पीसीसी सचिव आनंद पवार ने कहा कि अंबेडकर जी को संविधान का शिल्पकार कहा जाता है। उन्हीं के कारण आज देश में हर वर्ग को समान अवसर उपलब्ध है और प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू, पूर्व महापौर विजय देवांगन, पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी, पूर्व पीसीसी सचिव आनंद पवार, ब्लाॅक अध्यक्ष आकाश गोलछा, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला कांग्रेस सूर्यप्रभा चेटियार, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, सेवादल जिला अध्यक्ष होरीलाल साहू, उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, पार्षद सुमन मेश्राम, पूर्व पार्षद संजय डागौर, सोमेश मेश्राम, रामनाथ यादव, कुशल देवांगन, रमेश देवांगन, सूरज पासवान, अविनाश वाल्मीकि, प्रवीण साहू, डिम्पल सिन्हा, गणेश्वरी कामड़े, भोजराज यादव, पालू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा



