ईंट भट्टों, लाइब्रेरी और मकान में पकड़ी बिजली चोरी, 6 स्थानों पर छापेमारी कर 22.84 लाख का लगाया जुर्माना
- DSS Admin
- May 21, 2026
जयपुर, 21 मई (हि.स.)। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जयपुर डिस्कॉम की सतर्कता शाखा ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा रोड स्थित कानोता और पुराना घाट क्षेत्र में छह स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी। जांच में ईंट भट्टों, एक लाइब्रेरी और एक आवासीय परिसर में अवैध रूप से बिजली उपयोग किए जाने का खुलासा हुआ। डिस्कॉम ने सभी मामलों में कुल 22 लाख 84 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) महेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि कार्रवाई सहायक अभियंता सतर्कता उपासना सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम ने कानोता उपखंड क्षेत्र के गोपाल नगर, देवा की ढाणी और दूदावाला में संचालित चार ईंट भट्टों की जांच की। जांच के दौरान सामने आया कि ईंट भट्टों पर ट्रांसफॉर्मर की बुशिंग से अवैध केबल जोड़कर सीधे बिजली चोरी की जा रही थी। इस तरीके से लंबे समय से बिजली उपयोग किए जाने की आशंका जताई गई है।
डिस्कॉम ने संबंधित उपभोक्ताओं पर कुल 13 लाख 77 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
कार्रवाई के दौरान कानोता के गणपति नगर स्थित एक आवासीय परिसर में भी बिजली चोरी पकड़ी गई। यहां सर्विस केबल में कट लगाकर अवैध तार सीधे एमसीबी से जोड़ा गया था। इस मामले में उपभोक्ता पर 1 लाख 3 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
सबसे चौंकाने वाला मामला पालड़ी मीणा क्षेत्र के श्रीरानी नगर में सामने आया, जहां एक लाइब्रेरी में मीटर की आउटगोइंग को फ्री कर अतिरिक्त केबल सीधे निगम के एलटी पोल से जोड़ रखी थी। इसी अवैध बिजली से लाइब्रेरी संचालित करने के साथ भवन निर्माण और वाटर टैंकर सप्लाई का काम भी किया जा रहा था।
डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार इस तरीके से निगम को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा था। मामले में 8 लाख 1 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। जयपुर डिस्कॉम ने साफ किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध बिजली उपयोग की जानकारी तुरंत डिस्कॉम को दें, ताकि विद्युत व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों पर कार्रवाई की जा सके।
---------------

