अपराधियों और सीमावर्ती घुसपैठियों से किसी तरह की समझौता नहीं:मुख्यमंत्री
- DSS Admin
- Jul 07, 2026

अररिया 07 जुलाई(हि.स.)।
जिले के फारबिसगंज प्रखंड के हरिपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिहार की सरकार सबके साथ न्याय के साथ बढ़ाने वाली सरकार है और वह खुद अपराधी और सीमावर्ती क्षेत्र में रह रहे घुसपैठियों को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं करने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि अपराधी और अवैध रूप से रह रहे घुसपैठियों को बिहार छोड़ना होगा।उन्होंने कहा कि भारत समृद्ध तभी होगा,जब बिहार समृद्ध होगा और इस समृद्धि के लिए सबों को लगना होगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभा को भी संबोधित किया।जिसमें उन्होंने सहयोग शिविर के आयोजन के मकसद के पीछे आमजनों के कामों का निवारण करना बताया।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे बिहार में 4 लाख 53 हजार 62 शिकायतों के आवेदन मिले हैं उऔर उनमें से 4 लाख 25 हजार 260 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है और लंबित 27 हजार आवेदनों के निष्पादन को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अररिया जिला से 7 हजार 130 आवेदनों में 6 हजार 845 आवेदनों का निष्पादन हुआ,जबकि हरिपुर पंचायत से मिले 259 आवेदनों में 245 आवेदनों का निष्पादन किया गया। उन्होंने कहा कि यह आंकड़े बताते हैं कि बिहार में पदाधिकारी अब तेजी से काम करना शुरू कर दिया है। अधिकारी विकास को तरजीह दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदन पर 30 दिन के अंदर अगर निष्पादन नहीं हुआ तो उनके कार्यालय से अधिकारियों को नोटिस जाएगा और इस तरह तीसरे नोटिस के बाद भी काम नहीं होता है तो वैसे अधिकारी को सस्पेंड और निलंबित करने का काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 15 जुलाई से सूबे के 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने के साथ ही गांव के हाई स्कूल में कोचिंग देने का काम करने की बात कही।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि फारबिसगंज में एयरपोर्ट का निर्माण किया जाएगा, जिसकी शुरुआत अगले साल शुरू की जाएगी।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 20 हजार करोड़ रूपये बिहार के विकास के लिए दिए जाने पर आभार प्रकट किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस समृद्ध बिहार का सपना देखा था,उसे पूरा किया जाएगा।लोहिया स्वच्छता अभियान के साथ ही गरीब लोगों को पक्का मकान बनाने का काम भारत की नरेन्द्र मोदी की सरकार और बिहार सरकार पूरा करने का काम करेगी।
सम्राट चौधरी ने गांव गांव और घर घर बिजली पहुंचाने के बाद सोलर प्लेट लगाने की बात कही 125 यूनिट से अधिक बिजली उत्पादन पर सरकार बिजली लेकर पैसा देने का काम करेगी।उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी गोरखपुर एक्सप्रेस हाइवे सिक्स लेन के साथ कोशी मेची नदी लिंक परियोजना से हरेक खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने का काम होगा और बिहार की मिट्टी सोना उगलेगी।
मुख्यमंत्री से पहले बिहार सरकार के वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद,सांसद प्रदीप कुमार सिंह,फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास ने भी सभा को संबोधित किया।

