रेडक्रास का फैसला,सप्ताह में दो दिन कर्मी पैदल या साइकिल पर आएंगे कार्यालय
- DSS Admin
- May 17, 2026
चंडीगढ़, 17 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और सार्वजनिक परिवहन सेवा के उपयोग की अपील सार्थक साबित हो रही है। मुख्यमंत्री तथा प्रदेश के मंत्रियों द्वारा वाहनों का काफिला कम किए जाने के बाद अब हरियाणा रेडक्रास सोसायटी ने इस मुहिम को गति देते हुए सप्ताह में दो दिन कर्मियों को पैदल, साइकिल या फिर दोपहिया वाहन से कार्यालय पहुंचने के निर्देश जारी किए हैं।
हरियाणा रेडक्रास सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी की ओर से सभी जिला सचिवों को निर्देश दिए गए हैं कि सप्ताह में दो दिन कार्यालय पहुंचने के लिए साइकिल या फिर दोपहिया वाहन का इस्तेमाल किया जाए। कार्यालय पहुंचने के लिए पैदल चलने को प्राथमिकता दी जाए। रेडक्रास के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने कहा कि सामूहिक प्रयास और छोटे-छोटे त्याग देशहित में बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं।
रेडक्रास के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने कहा कि सभी जिला शाखाओं को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यालय की गाड़ी का कम से कम उपयोग किया जाए। वहीं, सभी जिला सचिवों और कर्मियों को आह्वान किया गया है कि सप्ताह में कम से कम दो दिन पैदल, साइकिल या दोपहिया वाहन से यात्रा करें।
---------------

