तय समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं महाकुम्भ की तैयारियां : योगी आदित्यनाथ

-प्रदेश व केंद्र सरकार के विभाग आपसी समन्वय से कार्यों को दे रहे गति : योगी

-अभेद्य सुरक्षा के किए जाएंगे पुख्ता इंतजाम, एआई का होगा इस्तेमाल

प्रयागराज, 06 अक्टूबर (हि.स.)। महाकुम्भ की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। 5600 करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट से प्रयागराज को भव्य और सुंदर बनाया जा रहा है। कुम्भ-19 में पूरी दुनिया प्रयागराज की ओर आकर्षित हुई थी और करीब 25 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम स्नान किया था। वे सभी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में सहभागी बने थे। वहीं लगभग 100 देशों के राजनयिक भी भागीदार बने थे। इन लोगों ने भारत के आध्यात्मिक और समृद्ध सांस्कृतिक परम्पराओं का अवलोकन भी किया था। इसी क्रम में दिव्य, भव्य और नव्य महाकुम्भ 25 के लिए विभिन्न विभागों द्वारा युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।

यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रयागराज में कही। उन्होंने महाकुम्भ 2025 की तैयारियों का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को तय समय सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

श्रद्धालुओं को नहीं चलना पड़ेगा पैदल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार के साथ केंद्र सरकार के विभाग भी आपसी समन्वय से अपने-अपने कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब महाकुम्भ का आयोजन होता है तो उस समय संगम में जल का स्तर 8 से 10 हजार क्यूसेक वाटर होता है। वहीं वर्तमान में सवा दो लाख से 2.5 लाख क्यूसेक वाटर के बीच जलस्तर है। इसे रिसेट होने में 10-12 दिन लग सकते हैं, लेकिन इससे महाकुम्भ की तैयारियों में कोई बाधा नहीं आएगी। योगी ने बताया कि अधिकारियों को तय समय सीमा में सभी निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश दिये गए हैं।

योगी ने कहा कि इस बार महाकुम्भ का दायरा पिछले कुम्भ की तुलना में दोगुने से अधिक क्षेत्रफल में फैला रहेगा। हमारा प्रयास रहेगा कि पीक डे यानी मुख्य पर्व, जो 13 जनवरी से 26 फरवरी को महाशिवरात्रि तक चलेंगे। पौष पूर्णिमा, मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, माघ पूर्णिमा, शिवरात्रि को छोड़कर शेष अन्य दिनों में किसी भी श्रद्धालुओं को एक किलोमीटर से अधिक पैदल न चलना पड़े। इसके लिए परिवहन निगम की सात हजार से अधिक बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा इलेक्ट्रिक बसों की भी व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि महाकुम्भ के दौरान प्रयागराज की अलग छटा देखने को मिलेगी। सुरक्षा के भी खास इंतजाम किये जा रहे हैं। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भरपूर इस्तेमाल किया जाएगा। हम जीरो प्लास्टिक के लक्ष्य को लेकर भी चल रहे हैं। इसके अलावा संगम के सभी ड्रेनेज और सीवर को टेप किया जा चुका है। इन्हें डायवर्ट कर बाॅयोडिग्रेडेशन के माध्यम से शुद्धिकरण करके ही डिस्चार्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुम्भ-19 की सफलता में मीडिया की अहम भूमिका थी। इस बार भी उनके सकारात्मक योगदान से महाकुम्भ 2025 वैश्विक पटल पर अपनी छाप छोड़ेगा।

साधु संत होते हैं महाकुम्भ के मुख्य आयोजक

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि महाकुम्भ 2025 का लोगो जारी किया गया है, जिसमें आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का समावेश है। उन्होंने कहा कि उनकी साधु-संतों के साथ बैठक हुई। सभी ने बहुत ही सकारात्मक भाव के साथ महाकुम्भ के साथ जुड़ने की बात कही है। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ के मुख्य आयोजक साधु संत ही होते हैं, शासन-प्रशासन नैतिक व्यवस्था के साथ जुड़े होते हैं। ऐसे में वह इससे जुड़कर इसको भव्य और दिव्य बनाएंगे। बैठक में 13 अखाड़ों के आचार्य, तीर्थ पुरोहित आदि मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

   

सम्बंधित खबर