राजगढ़ः छह घंटे में खुली झूठी लूट की कहानी, कर्ज से परेशान युवक ने घर में छिपाए थे एक लाख
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
राजगढ़, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की कुरावर थाना पुलिस टीम ने महज छह घंटे में कथित लूट की वारदात का खुलासा करते हुए झूठी सूचना देने वाले युवक की पोल खोल दी। कर्ज में डूबे युवक ने लालच में नकदी घर में छिपाकर पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट की मनगढ़ंत कहानी रच दी।
थाना प्रभारी जितेन्द्रसिंह मावई ने गुरुवार को बताया कि ग्राम मोयलीकला निवासी दीपक महावर ने बुधवार रात को डायल-112 और थाना कुरावर में सूचना दी थी कि वह अपने साथी मतीन स्वां के साथ बीएसएस सोनाटा माइक्रोक्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड के कुरावर कार्यालय से नकदी लेकर लौट रहा था। मोयलीकला जोड़ से करीब 500 मीटर आगे बाइक सवार बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर डेढ़ लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया।
उन्होंने बताया कि विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, तकनीकी जांच शुरु की। पूछताछ के दौरान दीपक के बयान बार-बार बदलते रहे। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसके साथ कोई लूट नहीं हुई थी। उसने कर्ज के कारण लालच में करीब एक लाख रुपये से भरा बैग अपने घर में छिपा दिया था और लूट की झूठी कहानी बना दी थी। पुलिस ने उसके घर से एक लाख नगद और बैग बरामद कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि परिजनों को भी लूट की सच्चाई पता थी।
---------------

