राजगढ़ः दूध बेचकर लौट रहे युवक की केन से डेढ़ लाख रुपये चोरी

राजगढ़, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर थाना क्षेत्र में लापरवाही का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश दूधिए की केन में रखे डेढ़ लाख रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

जानकारी के अनुसार सुल्तानपुरा थाना कालीपीठ निवासी 32 वर्षीय लक्ष्मीचंद पुत्र अनारसिंह सौंधिया बीते रोज दूध बेचने के लिए निकला था। वह राजगढ़ बायपास क्षेत्र में दूध वितरण करने के बाद वापस लौट रहा था। इस दौरान उसके पास गेहूं बिक्री से प्राप्त करीब डेढ़ लाख रुपये थे। उसने नकदी को दूध की छोटी केन में रखकर अपनी बाइक पर टांग दिया था। बताया गया है कि लक्ष्मीचंद बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक होटल पर चाय-नाश्ता करने के लिए रुका। वह कुछ देर होटल में बैठा रहा और बाइक बाहर खड़ी थी। इसी दौरान किसी अज्ञात बदमाश ने बाइक पर टंगी केन चोरी कर ली। जब वह वापस लौटा तो केन और उसमें रखी नकदी गायब मिली।

घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर