किशनगंज, 14 जून (हि.स.)। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (एलबीएसएनएए) के 2025 बैच के 11 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने रविवार को बिहार में किशनगज जिले के पोठिया स्थित जीविका दीदियों द्वारा संचालित टी प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग इकाई का भ्रमण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने चाय उत्पादन से लेकर पैकेजिंग और विपणन तक की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने किसानों द्वारा हरे चाय पत्तों की खेती, महानंदा टी फैक्ट्री द्वारा उनकी खरीद, प्रसंस्करण तथा महानंदा लीफ चायपत्ती के उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं को नजदीक से देखा।
अधिकारियों ने महानंदा जीविका महिला एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित फैक्ट्री के संचालन में जीविका दीदियों की भूमिका को भी समझा और उनके कार्यों की सराहना की। प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने जीविका दीदियों के साथ संवाद कर उनके उद्यमिता विकास, स्वयं सहायता समूहों की कार्यप्रणाली और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े अनुभवों को जाना।
अधिकारियों ने महानंदा लीफ चायपत्ती के विपणन को और मजबूत बनाने के लिए कई उपयोगी सुझाव भी दिए। विशेष रूप से ऑनलाइन मार्केटिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से उत्पाद की पहुंच बढ़ाने को लेकर उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। महानंदा एफपीसी की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स सदस्य योगिता, चांदनी, ज्योतिका और उमा रानी ने प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर महानंदा एफपीसी की सचिव योगिता दीदी ने कहा कि प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों के दौरे से जीविका दीदियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने न केवल उत्पादन प्रक्रिया को समझा, बल्कि महिलाओं के प्रयासों और उपलब्धियों को भी करीब से देखा। प्रशिक्षु अधिकारियों ने ग्राउंड विजिट के माध्यम से जीविका मॉडल की सफलता को समझते हुए महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण उद्यमिता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। मौके पर जीविका के सामाजिक विकास प्रबंधक गिरीश कुमार दास, महानंदा एफपीसी के प्रभारी मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी राजदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थीं।

