जिला महिला अस्पताल में नवजात की मौत, परिजनों ने वार्ड ब्वॉय पर लगाया आरोप
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
महोबा, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में एक नवजात की मौत हो गई है। परिजनों ने जिला महिला चिकित्सालय के चिकित्सीय स्टाफ पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए डॉक्टरों के पैनल से मासूम नवजात का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
जनपद के श्री नगर थाना क्षेत्र के गांव सिजहरी निवासी संतोष ने सदर कोतवाली में शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसकी पत्नी रोशनी ने जिला महिला चिकित्सालय में 01 जून को बेटी को जन्म दिया था। जिसका नाम काव्या रखा गया था। आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल के स्टाफ ने इलाज में लापरवाही बरतते हुए जल्दबाजी में 2 जून को उसकी अस्पताल से छुट्टी कर दी। घर पहुंचते ही नवजात की हालत बिगड़ गई जिसे 3 जून को दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया। संतोष ने आरोप लगाते हुए कहा कि 7 जून रात वार्ड ब्वॉय ने नवजात बेटी के मुंह में नली डाली, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी नाक और मुंह से खून आ गया। देखते ही देखते बेटी ने दम तोड़ दिया। पीड़ित ने दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
सदर कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक नवजात का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------

