'एक राष्ट्र एक चुनाव' विषय पर प्रदेश में जन जागरुकता के लिए सुनील भार्गव के नेतृत्व में 29 सदस्यों की टीम गठित

जयपुर, 3 मार्च (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार ''एक राष्ट्र एक चुनाव'' विषय पर जन जागरुकता के लिए एक प्रदेश स्तरीय टीम की घोषणा की गई है। टीम में प्रदेश संयोजक सुनील भार्गव को तथा सह संयोजक प्रो. महेंद्र सिंह राठौड़ को बनाया गया है। टीम के प्रदेश संयोजक सुनील भार्गव ने बताया कि प्रदेश स्तरीय टीम में संयोजक, सह संयोजक के अलावा 27 सदस्य भी शामिल किए गए है। इनमें भाजपा प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल,लाडपुरा कोटा विधायक कल्पना कुमारी, भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, सोशल मीडिया संयोजक हीरेंद्र कौशिक, आईटी विभाग संयोजक अविनाश जोशी, आई टी सह संयोजक विकास शर्मा , संभाग मीडिया प्रभारी आकाश शर्मा ,पूर्व प्रदेश मंत्री जगबीर छाबा,अजमेर उप महापौर नीरज जैन, सिरोही भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची सहित विभिन्न जिलों के लोगों को शामिल किया गया है।

टीम के प्रदेश संयोजक सुनील भार्गव ने बताया कि एक राष्ट्र, एक चुनाव के विचार को एक साथ चुनाव के रूप में भी जाना जाता है, जो लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनावों को एक ही साथ कराने का प्रस्ताव प्रस्तुत करता है। इससे मतदाता अपने निर्वाचन क्षेत्रों में एक ही दिन सरकार के दोनों स्तरों के लिए अपने मत डाल सकेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य चुनावों के लिए किए जाने वाले प्रबंध से जुड़ी चुनौतियों का समाधान करना, इसमें लगने वाले खर्च को घटाना और लगातार चुनावों के कारण कामकाज में होने वाले व्यवधानों को कम करना है।

प्रदेश सह संयोजक प्रो महेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि एक राष्ट्र एक चुनाव के जन जागरूकता के लिए पहले प्रदेश स्तरीय टीम का गठन किया गया है, इसके बाद संभाग और फिर जिला स्तरीय टीम का भी गठन किया जाएगा। टीम के सदस्य प्रदेशभर में एक राष्ट्र एक चुनाव के लिए आमजन में जन जागरूकता लाने का कार्य करेंगे। इसके लिए संगोष्ठियां, मैराथन, सभाएं, बुद्धिजीवी वर्ग के साथ चर्चा जैसे विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

   

सम्बंधित खबर