सिरसा, 12 मई (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर हेरोइन, चूरापोस्त व अफीम बरामद की है। एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा प्रभारी राधेश्याम ने मंगलवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान सिरसा के केलनिया रोड शमशाबाद पट्टी क्षेत्र में मौजूद थी। इस दौरान सामने से बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया जो कि सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर वापस मोडक़र भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर युवक को काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान सिरसा निवासी लखबीर सिंह के रूप में हुई है।
इसके अलावा पुलिस ने जिले के गांव केवल क्षेत्र से एक युवक को दो किलो चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। सिंघपुरा पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान जगसीर सिंह के रूप में हुई है। उधर, पुलिस ने सिरसा शहर क्षेत्र से स्कूटी सवार अजीत सिंह को 176 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
चोरी की वारदात सुलझी, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन एक मकान में हुई चोरी की वारदात को सुलझाते हुए आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है। खैरपुर पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी जसविंद्र सिंह नेे शिकायत दर्ज करवाई कि उसके निर्माणाधीन मकान से सामान चोरी हो गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज जांच शुरू की। पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी की अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी हासिल की जा सके।
---------------

