तिरंगा यात्रा का आगाज, भाजपा कार्यकर्ताओं ने सैनिकों के सम्मान में निकाली विशाल रैली
- Admin Admin
- May 13, 2025

नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। ऑपरेशन सिंदूर और सैनिकों के सम्मान में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को तिरंगा यात्रा अभियान की शुरुआत की। मंगलवार को सामाजिक संस्था सिटीजन फार नेेशनल सिक्योरिटी द्वारा कर्तव्य पथ से नेशनल वार मैमोरियल तक निकाली गई तिरंगा यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित दिल्ली के हजारों लोग शामिल हुए।
इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि आज का भारत बदल चुका है। यह नया भारत शांति चाहता है, पर आतंक के समूल विनाश के लिए किसी भी सीमा तक जाने को तत्पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने स्पष्ट कर दिया है कि अब भारत किसी प्रकार के न्यूक्लियर धमकी को बर्दाश्त नहीं करेगा।
आतंकवाद और वार्ता साथ साथ नहीं चल सकते। टेरर और ट्रेड का पाखंड अब नहीं चलेगा। जब-जब खून बहेगा, पानी का रास्ता बंद होगा। ऑपरेशन सिन्दूर स्थगित है, पर समाप्त नहीं। पाकिस्तान से बात होगी तो अब सिर्फ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पर ही होगी या आतंक के समूल नाश पर। मोदी के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर जैश, लश्कर और हिज़बुल जैसे वैश्विक आतंक के अड्डों को ध्वस्त किया है।
तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, यह राष्ट्र की आत्मा है और उस आत्मा का नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस तिरंगा यात्रा से दिल्ली वालों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर प्रहार का समर्थन किया है।
यह यात्रा उद्घोष है कि हमारे वीर जवानों ने सीमा पर जिस प्रकार की बहादुरी दिखाई है। सेना ने पाकिस्तान में कड़ा संदेश देने का काम किया है कि भारत अब आतंक के खिलाफ चुप नहीं बैठने वाला है। भारत मुंह तोड़ जवाब देगा।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि देश अभी भूला नही है कि अरविंद केजरीवाल ने 2016 में सेना से पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग कर पाकिस्तान सरकार का मनोबल बढ़ाया था। आज फिर इन्ही केजरीवाल की पार्टी के वरिष्ठ नेता सरकार द्वारा सीजफायर को स्वीकार करने पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
आम आदमी पार्टी असल में पाकिस्तान के दृष्टिकोण से केन्द्र सरकार से सवाल पूछ कर देश के अंदर कट्टरपंथी मुसलमानों का राजनीतिक समर्थन बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।इस तिरंगा यात्रा में केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, योगेन्द्र चंदोलिया, बांसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, रविन्द्र इंद्राज, एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल और अनेक विधायक एवं निगम पार्षदों के आलावा महामंत्री विष्णु मित्तल सहित दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ पदधिकारी भी सम्मिलित हुए।
उल्लेखनीय है कि भाजपा की तिरंगा यात्रा 23 मई तक चलेगी। इसका उद्देश्य देशवासियों को भारतीय सेना की वीरगाथा और उनका सम्मान करना है। इसके साथ ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के संदेश को जन जन तक पहुंचाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी