बागेश्वर : ऑडिटोरियम का डीएम ने किया निरीक्षण, अधूरे कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश

- जिलाधिकारी ने ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश

- परिसर के बाहर उगी झाड़ियां देख बोले, दुरुस्त रखें सफाई व्यवस्था

बागेश्वर, 7 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर जायजा लिया। ऑडिटोरियम पिछले कई वर्षों से खाली और वीरान पड़ा है। पूरे परिसर में झाड़ियां उगी हुई हैं। उन्होंने परिसर की नियमित सफाई करने के निर्देश दिए है।

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र के इकलौते ऑडिटोरियम का उचित इस्तेमाल के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही मिनी सिनेमा हॉल के प्रयोग के लिए भी यदि ऑडिटोरियम का उपयोग हो सकता है तो उस दिशा में भी अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आडिटोरियम का जनहित में उपयोग के लिए चर्चा की जाए, ताकि इसका लाभ प्रत्येक वर्ग को मिल सके। जिलाधिकारी ने आडिटोरियम में बने मंच, दर्शक दीर्घा और कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने आडिटोरियम के अधूरे कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही मंच को ठीक करने और दर्शक दीर्घा में बैठने की व्यवस्था के कार्य यथा समय पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम परिसर के बाहर उगी झाड़ियों को काटने के साथ पूरे परिसर को साफ-सुथरा रखें और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करें। ऑडिटोरियम में बिजली-पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, उप जिलाधिकारी मोनिका आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / कमलेश्वर शरण

   

सम्बंधित खबर